वाराणसी: काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में शनिवार सुबह एक हादसे के बाद कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मंदिर में ड्यूटी पर तैनात पीएसी के एक जवान की कार्बाइन से अचानक दो राउंड फायर हो गए, जिससे गोली के छर्रे लगने से तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 7 बजे नंदू फरिया प्वाइंट के पास हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 48वीं वाहिनी पीएसी के जवान अमरनाथ चौहान के हाथ से कार्बाइन छूट गई, जिसके चलते अचानक दो राउंड फायर हो गए। गोली जमीन से टकराई और उसके छर्रे आसपास मौजूद लोगों को जा लगे।
घटना के बाद मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और सुरक्षा कर्मियों में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। सुरक्षा बलों ने तत्काल क्षेत्र को सुरक्षित कर स्थिति पर नियंत्रण पा लिया।
इस हादसे में माला-फूल की दुकान पर काम करने वाले तीन कर्मचारी घायल हुए हैं। घायलों की पहचान सकरकंद गली निवासी रामबाबू गौड़, डोमरी निवासी विकास यादव और राजघाट निवासी निखिल गुप्ता के रूप में हुई है। विकास यादव के हाथ और कमर, रामबाबू गौड़ के पेट और हाथ तथा निखिल गुप्ता के हाथ में छर्रे लगे हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि कार्बाइन जवान के हाथ से छूटने के कारण यह हादसा हुआ। गोली जमीन पर लगी, जिसके बाद उसके छर्रे तीन लोगों को लगे। उन्होंने कहा कि सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था सामान्य है और श्रद्धालुओं के दर्शन पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ा है।
