लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पांचवें बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर कस्तूरी फाउंडेशन द्वारा सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं सुंदरकांड पाठ के साथ हुआ। इसके बाद आयोजित भंडारे का शुभारंभ समाजसेविका नम्रता पाठक और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर किया।
इस अवसर पर पार्षद अशोक उपाध्याय, एडवोकेट रमा तिवारी, डॉ. शालिनी वर्मा, दिनेश सिंह समेत अनेक गणमान्य अतिथि एवं भक्त उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर दिखाई दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कस्तूरी फाउंडेशन की उपाध्यक्ष निधि श्रीवास्तव, सचिव भावना सिंह, कोषाध्यक्ष शालिनी सिंह एवं संस्था की पूरी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कस्तूरी फाउंडेशन परिवार ने सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और स्नेह से ही यह आयोजन सफल एवं यादगार बन सका। संस्था ने भविष्य में भी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराया।
