Homeउत्तर प्रदेशKGMU में रैगिंग का वीडियो वायरल, जूनियर छात्रों को कतार में खड़ा...

KGMU में रैगिंग का वीडियो वायरल, जूनियर छात्रों को कतार में खड़ा कर सीनियरों को कराया जा रहा प्रणाम

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) में रैगिंग पर सख्ती के संस्थान प्रशासन के दावों के बीच सोमवार को वायरल हुए एक वीडियो ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राएं कलाम सेंटर के सामने कतार में गर्दन झुकाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि सीनियर छात्रों के गुजरने पर जूनियरों से तेज आवाज में उनका अभिवादन कराया जा रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे का है। इसमें छात्रों की एक कतार में खड़े लड़के सीनियर छात्रों को देखकर ‘प्रणाम महोदय जी’ बोलते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरी तरफ कतार में खड़ी छात्राएं सीनियर छात्राओं के गुजरने पर ‘प्रणाम मैडम जी’ कह रही हैं। इस दौरान आसपास सुरक्षाकर्मी भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। इनमें से कुछ मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

सीनियरों की डांट से सहमे नजर आए जूनियर

वायरल वीडियो में कतार के पास से गुजर रहे कुछ सीनियर छात्र जूनियरों को डांटते और हिदायत देते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं के चेहरे पर घबराहट साफ नजर आ रही है। कोई भी उनके सामने विरोध करता नहीं दिख रहा है।

आरोप है कि नए छात्र-छात्राओं को समूह में इसी तरह कतारबद्ध खड़ा किया जाता है। सीनियरों के वहां से गुजरने पर उनका अभिवादन करने का दबाव बनाया जाता है। ऐसा नहीं करने या विरोध जताने पर उन्हें फटकार और डराने का सामना करना पड़ता है।

शिकायत करने से भी डर रहे जूनियर छात्र

बताया जा रहा है कि जूनियर छात्र-छात्राओं को इस बात का भी डर है कि यदि उन्होंने रैगिंग की शिकायत की तो सीनियर उन्हें और परेशान कर सकते हैं। इसी आशंका के चलते वे खुलकर अपनी बात रखने से कतरा रहे हैं।

हैरानी की बात यह है कि कलाम सेंटर के आसपास सुरक्षाकर्मियों की तैनाती और सीसीटीवी कैमरे होने के बावजूद इस तरह के व्यवहार के आरोप सामने आए हैं। घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की फुटेज से पूरे घटनाक्रम की जांच की जा सकती है। हालांकि, इस मामले में अब तक संस्थान के जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से किसी प्रभावी हस्तक्षेप की जानकारी सामने नहीं आई है।

वायरल वीडियो के बाद KGMU में रैगिंग रोकने के लिए किए जा रहे इंतजामों और उनकी निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular