Homeउत्तर प्रदेशKGMU के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग चार दिन से लापता, सीतापुर में...

KGMU के नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग चार दिन से लापता, सीतापुर में मिली कार; CCTV में 3 लोग दिखे

लखनऊ। KGMU के आर्थोपेडिक विभाग में नर्सिंग अधीक्षक पवन गर्ग 27 सितंबर की रात से लापता हैं। मड़ियांव स्थित घर से वह रात करीब 8 बजे अपनी ब्रेजा कार से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे। उनका मोबाइल फोन भी लगातार बंद है।

28 सितंबर को पवन के ड्यूटी पर KGMU नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उनके भतीजे संजय गर्ग ने मड़ियांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए उनकी तलाश के लिए छह टीमें लगाई हैं।

सीतापुर में लावारिस हालत में मिली कार

जांच के दौरान मंगलवार को पवन की ब्रेजा कार सीतापुर के कमलापुर-जयरामपुर मार्ग पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। कार मिलने के बाद पुलिस ने आसपास के इलाके में भी छानबीन शुरू कर दी है।

कॉल डिटेल और तकनीकी सर्विलांस से जुटाए जा रहे सुराग

पुलिस ने पवन के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली है। जांच अधिकारियों के अनुसार, कॉल डिटेल से कुछ अहम सुराग मिले हैं। इनके आधार पर पुलिस पवन की संभावित लोकेशन और उनके संपर्क में रहे लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस मोबाइल लोकेशन और तकनीकी सर्विलांस की मदद से संभावित ठिकानों पर भी तलाश कर रही है। वहीं, परिजनों से पवन की दिनचर्या, फोन पर हुई बातचीत और उन्हें आखिरी बार कहां देखा गया था, इसकी जानकारी ली जा रही है।

इटौंजा टोल के CCTV में कार, तीन लोग दिखे

पुलिस को इटौंजा टोल प्लाजा का CCTV फुटेज भी मिला है। इसमें पवन की ब्रेजा कार टोल से गुजरती दिखाई दे रही है। फुटेज में कार के अंदर पवन के अलावा तीन अन्य लोग भी नजर आ रहे हैं।

पुलिस अब इन तीनों लोगों की पहचान करने में जुटी है। उनके पवन से संबंध और कार में सवार होने की वजह की भी जांच की जा रही है।

परिजन परेशान, तलाश जारी

पवन के अचानक लापता होने से परिवार परेशान है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पवन की तलाश जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular