पटना स्थित खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। एक ओर फायरिंग और मारपीट से जुड़े मामले में उनके खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में मुकदमा दर्ज है, वहीं दूसरी ओर बिहार फायर सर्विस की जांच में उनके संस्थान में अग्निशमन सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है।
अग्निशमन विभाग के डीआईजी मनोज कुमार नट ने बताया कि कोचिंग संस्थानों में छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खान ग्लोबल इंस्टीट्यूट का सुरक्षा ऑडिट किया गया था। जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, जिसके बाद संस्थान को नोटिस जारी कर कमियों को दूर करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
डीआईजी के अनुसार यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं किया गया तो संस्थान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें संस्थान को बंद करने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
पटना में कई संस्थानों पर कार्रवाई
दिल्ली और बिहार के मुजफ्फरपुर में हाल के अग्निकांडों के बाद अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। पटना में नियमों का पालन नहीं करने वाले कई अस्पतालों और होटलों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कंकड़बाग स्थित एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, राजेंद्र नगर के आरोग्य वरदान और पिनाकल अस्पताल, अशोक नगर के श्यामा ट्रस्ट और एपेक्स अस्पताल को सील करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसके अलावा शहर के तीन बड़े होटलों को भी सील करने का निर्देश दिया गया है।
फायरिंग मामले में भी घिरे हैं खान सर
खान सर का नाम हाल ही में मुसल्लहपुर हाट इलाके में हुई मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद विवादों में आया था। 2 जून को हुई इस घटना के बाद खान सर ने आरोप लगाया था कि कम फीस में शिक्षा देने के कारण कुछ कोचिंग संचालक उनसे रंजिश रखते हैं और उन्हें धमकियां दी जा रही हैं।
हालांकि मामले ने नया मोड़ तब लिया जब एक वीडियो सामने आया, जिसमें खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्ड हवाई फायरिंग करते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में गार्डों ने दावा किया कि उन्होंने फैजल खान के कहने पर गोली चलाई थी। इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि फायर सेफ्टी मानकों को लेकर अग्निशमन विभाग की निगरानी भी जारी है। आने वाले दिनों में दोनों मामलों में होने वाली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
