Homeउत्तर प्रदेशकुशीनगर को 424 करोड़ की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी...

कुशीनगर को 424 करोड़ की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात, सीएम योगी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

लखनऊ/कुशीनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कुशीनगर जनपद को 424 करोड़ रुपये से अधिक की 278 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, प्रतीकात्मक चेक, चाभी और टूलकिट वितरित किए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर वैदिक एवं रामायण कालीन विरासत, भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली और भगवान महावीर की पावन धरती के रूप में विश्वभर में अपनी अलग पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि जनपद तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसकी पहचान और मजबूत होगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुशीनगर में 90 हजार से अधिक गरीब परिवारों को आवास तथा 3.14 लाख से अधिक लोगों को शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयुष्मान योजना, मुफ्त राशन और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाया गया है।

उन्होंने कहा कि कुशीनगर में मेडिकल कॉलेज और एयरपोर्ट का निर्माण हो चुका है, जबकि इसी सत्र से कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का संचालन भी शुरू होने जा रहा है। इससे क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी नौकरियों और निवेश आधारित रोजगार में कुशीनगर के युवाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार ने फाजिलनगर का नाम बदलकर पावागढ़ करने का प्रस्ताव भेजा है। इससे क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिलेगी और देश-दुनिया पावागढ़ की परंपरा से जुड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में प्रदेश में कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं। सरकार का लक्ष्य हर चेहरे पर खुशहाली, हर बेटी को सुरक्षा, हर युवा को रोजगार, हर खेत को पानी और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना है।

कार्यक्रम में सांसद शशांक मणि, सांसद रवि किशन शुक्ल, विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा, डॉ. असीम कुमार राय सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular