कुशीनगर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जनपद में नायब तहसीलदारों के कार्यक्षेत्र में बड़ा फेरबदल किया है। जारी आदेश के तहत सात नायब तहसीलदारों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि हाल ही में जनपद में आए तीन नवागत नायब तहसीलदारों को भी विभिन्न तहसीलों में तैनाती दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार नवीन चंदन को नायब तहसीलदार कोटवा-पडरौना बनाया गया है। वहीं शिव शंकर मिश्रा को तहसील तमकुहीराज के तरया क्षेत्र तथा राहुल खरवार को तहसील कसया के फाजिलनगर क्षेत्र में नायब तहसीलदार के रूप में तैनात किया गया है। इन तीनों अधिकारियों को अर्हकारी परीक्षा उत्तीर्ण किए जाने तक न्यायिक कार्यों से दूर रखा जाएगा।
इसके अलावा संदीप कुमार, जो अब तक फाजिलनगर में नायब तहसीलदार के पद पर कार्यरत थे, उन्हें नायब तहसीलदार कसया बनाया गया है। कुंदन वर्मा को तमकुहीराज से स्थानांतरित कर नायब तहसीलदार पडरौना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं राजेश कुमार को पडरौना से स्थानांतरित कर दुदही का नायब तहसीलदार नियुक्त किया गया है।
डीएम के आदेश के तहत श्रीमती लक्ष्मी वर्मा को नायब तहसीलदार (सीलिंग) कलेक्ट्रेट बनाया गया है। उन्हें सीलिंग से संबंधित अपील वादों के निस्तारण, उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन याचिकाओं की प्रभावी पैरवी तथा संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासनिक हलकों में इस फेरबदल को राजस्व कार्यों में तेजी लाने और तहसील स्तर पर कार्यकुशलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
