रिपोर्ट : शिवाकांत पाण्डेय
कुशीनगर। जिले के कसया थाना क्षेत्र में 20 वर्षीय युवक की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव गांव के बाहर एक खेत में मिला। शव पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे वार के निशान मिले हैं।
मृतक की पहचान गौरव उर्फ गोलू (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह बीते दिन घर से टहलने के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार को उसका शव गांव के बाहर खेत में मिलने से परिवार में कोहराम मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों ने मृतक के कुछ दोस्तों पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

