Homeउत्तर प्रदेशलखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, 3 की मौत,...

लखीमपुर खीरी में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी कार, 3 की मौत, 3 घायल

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में मंगलवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हरिद्वार से सुलतानपुर लौट रहे एक परिवार की कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही नमक से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर के बाद कार ट्रॉली में फंस गई और करीब तीन किलोमीटर तक घिसटती रही, जिससे कार सवार लोग उसमें फंसे रह गए।

जानकारी के अनुसार, सुलतानपुर के शास्त्री नगर निवासी विमल सिंह (40) अपने परिवार के साथ हरिद्वार से दर्शन कर लौट रहे थे। उनके साथ उनकी पत्नी वंदना सिंह पटेल (30), भांजी आलिख्या वर्मा (22), बेटा वीर, बेटी रुबी और एक अन्य रिश्तेदार कार में सवार थे। मंगलवार तड़के हरदोई और लखीमपुर खीरी बॉर्डर के पास उनकी वैगनआर कार ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी।

हादसे के बाद कार ट्रॉली में बुरी तरह फंस गई, लेकिन चालक को इसकी जानकारी नहीं हो सकी। ट्रैक्टर चालक कार को घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा और वाहन करीब तीन किलोमीटर तक सड़क पर खिंचता चला गया। इसी दौरान रास्ते से गुजर रहे एक डीसीएम चालक ने ट्रॉली में फंसी कार देखी और ट्रैक्टर चालक को रोककर हादसे की जानकारी दी।

इसके बाद जब ट्रैक्टर रोका गया तो कार में फंसे लोगों की हालत बेहद गंभीर थी। स्थानीय लोगों की मदद से कार के दरवाजे तोड़कर सभी को बाहर निकाला गया और तुरंत पसगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने विमल सिंह, उनकी पत्नी वंदना सिंह और भांजी आलिख्या वर्मा को मृत घोषित कर दिया।

घटना में घायल विमल सिंह के पुत्र वीर, पुत्री रुबी और एक अन्य रिश्तेदार का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि विमल सिंह सिंचाई विभाग में कैशियर के पद पर कार्यरत थे और पिता के निधन के बाद उन्हें अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी। करीब एक वर्ष पहले उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था, जिसमें उनकी बहन ने किडनी दान की थी।

अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिम अमित कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular