रिपोर्ट: राहुल साहू
ललितपुर।** रक्षाबंधन त्योहार से पहले ललितपुर पुलिस ने लोगों को बड़ी सौगात दी है। पुलिस ने करीब 21 लाख रुपये कीमत के 111 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने के बाद नागरिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
एसपी संजीव कुमार बाजपेई के निर्देश पर सर्विलांस सेल और स्वाट टीम ने अभियान चलाकर गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश की। टीम ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से उत्तर प्रदेश समेत देश के कई राज्यों से मोबाइल फोन बरामद किए।
मोबाइल फोन पाकर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की। नागरिकों ने कहा कि कीमती मोबाइल वापस मिलने से पुलिस के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ है।
इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी ने सर्विलांस सेल प्रभारी अरुण कुमार पंवार** और स्वाट टीम के पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। पुलिस की इस कार्रवाई को जनता और खाकी के बीच विश्वास मजबूत करने वाली पहल माना जा रहा है।
