Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ घर का सपना होगा पूरा, LDA के 460 प्लॉट के लिए...

लखनऊ घर का सपना होगा पूरा, LDA के 460 प्लॉट के लिए 9 अगस्त से रजिस्ट्रेशन

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) एक बार फिर अनंत नगर योजना के 460 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोलने जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत 9 अगस्त से 9 सितंबर 2026 तक भूखंडों के लिए पंजीकरण किया जा सकेगा। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

एलडीए के अपर सचिव ज्ञानेन्द्र वर्मा ने बताया कि इस चरण में कुल 460 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। इनमें 200 वर्गमीटर के 23, 162 वर्गमीटर के 12 और 112.5 वर्गमीटर क्षेत्रफल के 425 भूखंड शामिल हैं।

785 एकड़ में विकसित हो रही अनंत नगर योजना

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक मोहान रोड पर करीब 785 एकड़ क्षेत्रफल में अनंत नगर योजना विकसित की जा रही है। योजना के तहत करीब डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होने की उम्मीद है।

योजना का विकास अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर किया जा रहा है। इसमें बेहतर सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं। योजना के बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, करीब 130 एकड़ भूमि पर पार्क और ग्रीन स्पेस विकसित किए जाएंगे। इससे योजना को पर्यावरण के अनुकूल और हरा-भरा क्षेत्र बनाने की योजना है।

पहले चार चरणों में 1700 भूखंडों का हो चुका आवंटन

अनंत नगर योजना में इससे पहले चार चरणों में करीब 1700 भूखंडों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है। इन चरणों में 35 हजार से अधिक लोगों ने पंजीकरण राशि जमा कर आवेदन प्रक्रिया में हिस्सा लिया था।

अब पांचवें चरण में आशीष खंड के 460 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है। एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि रविवार से पोर्टल लाइव हो जाएगा और इच्छुक लोग 9 सितंबर तक भूखंडों के लिए पंजीकरण करा सकेंगे।

5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा करनी होगी

भूखंड के लिए आवेदन करने वाले लोगों को एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर लॉगिन कर पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। इसके बाद भूखंड के अनुमानित मूल्य की 5 प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा कर रजिस्ट्रेशन कराना होगा।

सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के बीच भूखंडों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular