लखनऊ। राजधानी लखनऊ में लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने एक बार फिर दो प्रमुख आवासीय योजनाओं—ऐशबाग स्क्वॉयर और बसंतकुंज स्थित पार्क व्यू अपार्टमेंट—में फ्लैटों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इन फ्लैटों की कीमत 95 लाख रुपये से लेकर 1.11 करोड़ रुपये तक रखी गई है। इच्छुक आवंटी 30 जून तक LDA की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
ऐशबाग स्क्वॉयर में 276 फ्लैटों के लिए पंजीकरण
LDA वीसी प्रथमेश कुमार के अनुसार, ऐशबाग स्क्वॉयर अपार्टमेंट में कुल 384 थ्री बीएचके प्लस सर्वेंट फ्लैट प्रस्तावित हैं, जिनका आकार लगभग 1900 वर्गफीट है।
इनकी कीमत 1.11 करोड़ रुपये से शुरू होती है। अब तक 108 फ्लैटों का आवंटन लॉटरी के माध्यम से हो चुका है, जबकि शेष 276 फ्लैटों के लिए फिर से पंजीकरण खोला गया है।
पार्क व्यू अपार्टमेंट में 118 फ्लैट उपलब्ध
बसंतकुंज योजना में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के सामने बन रहे पार्क व्यू अपार्टमेंट में कुल 364 फ्लैट शामिल हैं, जिनमें 154 और 195 वर्गमीटर के यूनिट उपलब्ध होंगे।यहां थ्री बीएचके फ्लैट की कीमत लगभग 75 लाख रुपये और थ्री बीएचके प्लस स्टडी फ्लैट की कीमत करीब 95 लाख रुपये है। पहले चरण में 246 फ्लैटों का आवंटन हो चुका है, जबकि 118 फ्लैटों के लिए अब फिर से पंजीकरण शुरू किया गया है।
भुगतान और छूट योजना
LDA के अनुसार, निर्माण कार्य तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है और पांच वर्षों के भीतर कब्जा देने की योजना है।आवंटन के बाद भुगतान 36 महीनों की किस्तों में किया जा सकेगा।
जो आवंटी 45 दिनों में पूरी राशि जमा करेंगे उन्हें 6% छूट, जबकि 90 दिनों में भुगतान करने वालों को 4% की छूट मिलेगी।
सुविधाएं
दोनों परियोजनाओं में निवासियों को आधुनिक सुविधाएं जैसे स्विमिंग पूल, क्लब हाउस, किड्स प्ले एरिया, पार्क, लिफ्ट, पावर बैकअप और पर्याप्त पार्किंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
आवेदन प्रक्रिया
पंजीकरण केवल LDA की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर ही किया जा सकता है। आवेदन के लिए अनुमानित फ्लैट मूल्य का 5% (आरक्षित वर्ग के लिए 2.5%) पंजीकरण शुल्क जमा करना होगा। आवंटन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
