लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में एक ठेकेदार पर उद्यान अधिकारी को जान से मारने की धमकी देने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर उद्यान अधिकारी ने एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, गोमती रिवर फ्रंट और अन्य पार्कों में कराए जा रहे उद्यानिक कार्यों के निरीक्षण के दौरान सिंचाई व्यवस्था में कमी, कूड़ा-करकट का जमाव और पौधों की कटाई-छंटाई में लापरवाही पाई गई थी। 14 दिसंबर 2025 को उद्यान निरीक्षक आशीष द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में इन कमियों का उल्लेख किया गया था।
आरोप है कि कार्यों में सुधार के निर्देश दिए जाने पर संबंधित ठेकेदार ने फोन पर अधिकारियों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और नौकरी समाप्त कराने की धमकी दी।
इसके बाद 22 जनवरी 2026 को उद्यान निरीक्षक शालिनी ने गोमती बैराज से हनुमान सेतु तक किए गए निरीक्षण में भी कई खामियां दर्ज कीं। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि ठेकेदार अधिकारियों के खिलाफ झूठी शिकायतें कर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास करता है।
उद्यान अधिकारी ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि संबंधित ठेकेदार पहले भी कई बार अभद्र व्यवहार कर चुका है। आरोप है कि उसने एक व्यक्ति के माध्यम से जान से मारने और फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दिलवाई थी। इसकी जानकारी विभागीय अधिकारियों और पुलिस को पहले ही दी जा चुकी है।
