रिपोर्ट – अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। ऐरवा कटरा-बिधूना-किशनी मार्ग पर भागीदार जन सेवा केंद्र के पास एक व्यापारी को लिफ्ट देना भारी पड़ गया। बाइक में हवा कम होने का बहाना बनाकर लिफ्ट मांगने वाले युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर व्यापारी की जेब से 38 हजार रुपये पार कर दिए। घटना के बाद दोनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
ऐरवा कुईली निवासी बर्तन व्यापारी अलाउद्दीन उर्फ मुन्ना अपनी स्कूटी से बिधूना की तरफ से घर लौट रहे थे। रास्ते में दो युवक खड़े मिले। इनमें से एक युवक ने बाइक में हवा कम होने की बात कहते हुए व्यापारी से कुछ दूर तक लिफ्ट मांगी। व्यापारी ने उसकी मदद करते हुए उसे अपनी स्कूटी पर बैठा लिया।
कुछ दूरी पर पीछे से बाइक लेकर उसका साथी पहुंच गया। इसके बाद लिफ्ट लेकर बैठा युवक स्कूटी से उतरकर अपने साथी की बाइक पर बैठ गया और दोनों तेजी से वहां से निकल गए।

जेब देखी तो उड़ गए होश
युवकों के जाने के बाद व्यापारी ने अपनी जेब चेक की तो उनके होश उड़ गए। जेब कटी हुई थी और उसमें रखे 38 हजार रुपये गायब थे। व्यापारी ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाइक सवार दोनों युवक तेज रफ्तार में फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित व्यापारी और उनके परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में हेलमेट पहने दो संदिग्ध युवक नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित अलाउद्दीन ने ऐरवा कटरा थाना पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
