सावन मास के प्रथम सोमवार पर उत्तर भारत के प्रसिद्ध तीर्थस्थल श्री लोधेश्वर महादेव धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए थे। भोर होते-होते पूरा महादेवा नगर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा।
भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए करीब एक किलोमीटर लंबी कतार लगी रही। महिलाएं, पुरुष, बुजुर्ग और युवा हाथों में गंगाजल और पूजन सामग्री लेकर घंटों अपनी बारी का इंतजार करते रहे।
शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी ने बताया कि रविवार रात से ही श्रद्धालुओं का लगातार आगमन शुरू हो गया था और सोमवार देर रात तक जलाभिषेक व दर्शन का क्रम जारी रहने की संभावना थी। उनके अनुसार, शाम तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान लोधेश्वर महादेव के दर्शन और जलाभिषेक कर चुके थे, जबकि देर रात तक यह संख्या और बढ़ने की उम्मीद थी।
प्रशासन ने किए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। डीएम ईशान प्रताप सिंह और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने संयुक्त रूप से मंदिर परिसर, मेला क्षेत्र और कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, रूट डायवर्जन, पार्किंग और पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए। साथ ही भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपातकालीन सेवाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया।
मंदिर परिसर में अधिकारी रहे लगातार मुस्तैद
पूरे दिन मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी तैनात रहे। मंदिर के मुख्य द्वार पर चौकी प्रभारी राजेश पांडे श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखे हुए थे, जबकि मंदिर परिसर के भीतर थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे थे।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता और तहसीलदार विपुल कुमार सिंह भी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे।
रेलवे स्टेशन और यात्रा मार्ग पर भी रही कड़ी निगरानी
रेल मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बुढ़वल जंक्शन पर भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई। आरपीएफ प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि महादेवा जाने वाले मार्ग और गेट संख्या-303 सहित पूरे स्टेशन परिसर में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया। वहीं जीआरपी प्रभारी दुर्गेश कुमार के नेतृत्व में स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई।
शिवभक्ति में डूबा रहा महादेवा धाम
दिनभर चले जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में धार्मिक उत्साह, अनुशासन और प्रशासनिक सतर्कता का बेहतर समन्वय देखने को मिला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने भगवान लोधेश्वर महादेव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे दिन महादेवा धाम “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंजता रहा और शिवभक्ति का अद्भुत वातावरण बना रहा।
