रिपोर्ट – प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ में सोमवार को करीब 300 पूर्व सैनिकों ने पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी पूर्व सैनिकों का आरोप है कि उन्हें पुलिस भर्ती की प्रक्रिया में फिजिकल टेस्ट से पहले ही बाहर कर दिया गया।
कई अभ्यर्थियों का एडमिट कार्ड भी डाउनलोड नहीं हो पा रहा है, जिससे उन्हें परीक्षा और शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने को लेकर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूर्व सैनिकों का कहना है कि उन्होंने भर्ती के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया था और आवश्यक दस्तावेज भी जमा किए हैं। इसके बावजूद उन्हें फिजिकल टेस्ट के लिए आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है।
अभ्यर्थियों ने भर्ती बोर्ड के अधिकारियों से मामले की जांच कर पात्र उम्मीदवारों को प्रक्रिया में शामिल करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि आवेदन स्वीकार करने के बाद उन्हें भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है तो इसका स्पष्ट कारण बताया जाना चाहिए।
उनका आरोप है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं होने के कारण उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा कि उनकी उम्मीदवारी किस आधार पर रोकी गई है।
पूर्व सैनिकों ने भर्ती बोर्ड से तकनीकी समस्या दूर करने और पात्र अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक मौजूद रहे।
