Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में भारी बारिश के बीच एयरपोर्ट की एडवाइजरी, यात्रियों से अतिरिक्त...

लखनऊ में भारी बारिश के बीच एयरपोर्ट की एडवाइजरी, यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील

लखनऊ। राजधानी में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव के कारण मानसूनी गतिविधियां तेज हुई हैं। पिछले दो दिनों से लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों और पूर्वी व दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है।

अगले 24 घंटे बारिश बढ़ने का अनुमान

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की तीव्रता बढ़ने का अनुमान जताया है। इसे देखते हुए एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से सामान्य समय की तुलना में कुछ अतिरिक्त समय लेकर निकलें।

लगातार बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव और यातायात प्रभावित है। सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी होने और जाम की स्थिति के चलते यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने में सामान्य से अधिक समय लग सकता है।

24 घंटे निगरानी कर रही एयरपोर्ट टीम

लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (LIAL) की टीम मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार यात्रियों की सुविधा और एयरपोर्ट संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित टीमें चौबीसों घंटे तैयार हैं।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों से मौसम और शहर की यातायात स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है। साथ ही यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरपोर्ट के लिए समय से पहले रवाना हों, ताकि बारिश और ट्रैफिक के कारण होने वाली संभावित देरी से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular