लखनऊ में ऑटो में सफर कर रही एक महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपियों ने महिला का गला दबाने का प्रयास किया और बाद में चलती ऑटो से धक्का देकर सड़क पर फेंक दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि ऑटो चालक की तलाश जारी है।
गोमती नगर निवासी एक व्यवसायी की 56 वर्षीय पत्नी शनिवार रात दुकान बंद कर जानकीपुरम स्थित 60 फीटा रोड से ऑटो में बैठकर घर लौट रही थीं। ऑटो में चालक के अलावा एक अन्य युवक भी सवार था। आरोप है कि रिंग रोड ओवरब्रिज के पास पीछे बैठे युवक ने महिला से छेड़छाड़ शुरू कर दी।
महिला द्वारा विरोध और शोर मचाने पर दोनों आरोपियों ने उसका मुंह दबाने और गला घोंटने की कोशिश की। जब महिला ने बचाव का प्रयास किया तो विकास नगर सेक्टर-25 चौराहे के पास चलती ऑटो से उसे धक्का दे दिया। सड़क पर गिरने के बाद महिला करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना देखकर राहगीरों ने महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल से सूचना मिलने पर महिला के पति ने गाजीपुर थाने में ऑटो चालक और उसके साथी के खिलाफ हत्या के प्रयास, छेड़छाड़ और मारपीट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से एक आरोपी सुमित कश्यप को गिरफ्तार कर लिया है, जो मड़ियांव के पलटन छावनी क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार वही युवक ऑटो की पिछली सीट पर बैठा था। फरार ऑटो चालक और वाहन की तलाश के लिए दो टीमों को लगाया गया है।
पुलिस व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद एक बार फिर सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बीते दो वर्षों में ऑटो चालकों से जुड़ी लूट, छेड़छाड़, अपहरण और दुष्कर्म जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
ठंडे बस्ते में पड़ा ‘सेफ राइड’ अभियान
मलिहाबाद में महिला से दुष्कर्म और हत्या की घटना के बाद लखनऊ पुलिस ने ‘प्रोजेक्ट सेफ राइड’ शुरू किया था। योजना के तहत ऑटो, टैक्सी और ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन कर वाहनों पर क्यूआर कोड लगाने की व्यवस्था की जानी थी। हालांकि करीब एक वर्ष बाद भी अभियान पूरी तरह लागू नहीं हो सका। न तो सभी चालकों का सत्यापन हो पाया और न ही इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लग सकी, जिससे अभियान की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।
