Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में आयुर्वेद दिवस पर बाइक रैली, डिप्टी सीएम ने दिखाई हरी...

लखनऊ में आयुर्वेद दिवस पर बाइक रैली, डिप्टी सीएम ने दिखाई हरी झंडी

लखनऊ। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर बुधवार को लखनऊ में बाइक रैली का आयोजन किया गया। 1090 चौराहे से निकली रैली को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली 1090 चौराहे से शुरू होकर जनेश्वर मिश्र पार्क तक पहुंची। कार्यक्रम से पहले डिप्टी सीएम ने पूजा-अर्चना और आरती भी की।

बाइक रैली में आयुष विभाग के अधिकारी, आयुर्वेद चिकित्सक और कर्मचारी शामिल हुए। रैली के माध्यम से लोगों को आयुर्वेद को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

घर-घर तक पहुंचाएं आयुर्वेद की जानकारी: ब्रजेश पाठक

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आयुर्वेद दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आयुर्वेद भारत की सदियों पुरानी चिकित्सा परंपरा है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग इलाज में तुरंत परिणाम चाहते हैं, जिसके कारण पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों की रुचि कम हुई है।

उन्होंने आयुष विभाग के चिकित्सकों और अधिकारियों से आयुर्वेद की जानकारी गांवों और घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को अपने खान-पान में इस्तेमाल होने वाली पारंपरिक चीजों के औषधीय महत्व के बारे में भी जानकारी होनी चाहिए।

पाठक ने हल्दी, काली मिर्च, दालचीनी और जीरा जैसे मसालों का उदाहरण देते हुए कहा कि इनका इस्तेमाल भारतीय घरों में लंबे समय से होता आया है। उन्होंने फास्ट फूड के बजाय पारंपरिक भोजन और सत्तू जैसे पौष्टिक विकल्पों को अपनाने पर जोर दिया।

आयुर्वेद के साथ अन्य चिकित्सा पद्धतियों की जानकारी भी जरूरी

डिप्टी सीएम ने कहा कि लोगों को आयुर्वेद, यूनानी, होम्योपैथी और एलोपैथी जैसी विभिन्न चिकित्सा पद्धतियों के बारे में सही जानकारी होनी चाहिए। अलग-अलग बीमारियों में चिकित्सा पद्धतियों की भूमिका को समझना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार आयुर्वेद, यूनानी और होम्योपैथी को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। बाइक रैली के माध्यम से प्रदेशभर में आयुर्वेद को अपनाने और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

RELATED ARTICLES

Most Popular