लखनऊ। हजरतगंज कोतवाली क्षेत्र के बालू अड्डा स्थित बैकुंठ धाम श्मशान घाट परिसर में मंगलवार सुबह 24 वर्षीय युवक का रक्तरंजित शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान उमेश के रूप में हुई है। उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। चेहरे, आंख और सीने पर भी गंभीर चोटें थीं। परिजनों ने साथ बैठकर शराब पीने वाले दो परिचितों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
काली मंदिर के पास मिला शव
बालू अड्डा निवासी शिव कुमार बैकुंठ धाम श्मशान घाट परिसर में लकड़ी की टाल चलाते हैं। उनका परिवार भी परिसर में ही रहता है। मंगलवार तड़के घाट के कर्मचारी सफाई के लिए निकले तो नए प्लेटफॉर्म की पार्किंग के पास स्थित काली मंदिर के बगल में उमेश का क्षत-विक्षत शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर खून बिखरा हुआ था।
शव मिलने की सूचना पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। कुछ ही देर में मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर हजरतगंज कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सोमवार शाम से लापता था उमेश
पिता शिव कुमार के मुताबिक, उमेश श्मशान घाट पर लकड़ी के कारोबार में हाथ बंटाने के साथ ही नगर निगम के आरआर विभाग से जुड़े एक कर्मचारी के साथ बिजली का काम भी करता था। सोमवार दोपहर करीब दो बजे वह खाना खाने घर आया था। इसके बाद शाम करीब 6:30 बजे आखिरी बार घर पर फूल देने पहुंचा था।
देर रात तक उमेश के वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। रात करीब नौ बजे के बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन मंगलवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली।
शराब पीने के दौरान विवाद की आशंका
हजरतगंज के प्रभारी निरीक्षक शिवानंद मिश्रा के मुताबिक, पूछताछ के दौरान घाट पर काम करने वाले एक अन्य कर्मचारी ने परिजनों को बताया कि वारदात से पहले उमेश को राकेश सिंह और शेखर सिंह नाम के दो युवकों के साथ मंदिर के पास बैठकर शराब पीते देखा गया था।
परिजनों को आशंका है कि शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दोनों युवकों ने उमेश के सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस ने शिव कुमार की तहरीर पर राकेश सिंह और शेखर सिंह के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस मामले की जांच के साथ घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
