लखनऊ के टिकैतराय तालाब स्थित मेहंदीगंज इलाके में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर भाजयुमो कार्यकर्ता श्याम चेतन तिवारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी गई। दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, श्याम चेतन तिवारी भाजपा युवा मोर्चा महानगर कार्यसमिति के सदस्य हैं। शनिवार रात वह अपने घर के सामने निर्माण कार्य करवा रहे थे और राजगीरों से ईंट रखवा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाला वैभव बाजपेई अपने एक साथी के साथ वहां पहुंचा। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद आरोपितों ने असलहा निकालकर फायरिंग शुरू कर दी।
गोली श्याम चेतन की कमर में लगी, जिससे वह खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आरोपित वारदात के बाद धमकी देते हुए फरार हो गए।
घायल को आनन-फानन में ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना पर बाजारखाला और तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित और एसीपी बाजारखाला वीरेंद्र विक्रम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच शुरू की और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले पोस्टर और होर्डिंग लगाने को लेकर श्याम चेतन और वैभव बाजपेई के बीच विवाद हुआ था। उसी रंजिश में इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने मुख्य आरोपित वैभव बाजपेई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही उसके साथी और इस्तेमाल किए गए हथियार की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
