Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में भाई ने गैस सिलेंडर से किया हमला, छोटे भाई की...

लखनऊ में भाई ने गैस सिलेंडर से किया हमला, छोटे भाई की मौत; माता-पिता का पक्ष लेने पर हुई वारदात

लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र में घरेलू विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। सेक्टर-3 में माता-पिता की पिटाई का विरोध करने पर बड़े भाई ने छोटे भाई पर घरेलू गैस सिलेंडर से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र निवासी रामानंद मिश्रा पुताई का ठेका लेते हैं और परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी मंजू, बड़ा बेटा अभिषेक और 21 वर्षीय छोटा बेटा आर्यन मिश्रा शामिल थे। बताया गया है कि अभिषेक नशे का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था, जबकि आर्यन अलीगंज स्थित एक बीज भंडार में नौकरी करता था।

रविवार सुबह अभिषेक ने अपने माता-पिता से रुपये मांगे। रुपये देने से इनकार करने पर उसने अपने पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह जान बचाकर पिता घर की छत पर चले गए। इसके बाद जब रामानंद मिश्रा और उनकी पत्नी सामान लेने के लिए घर से निकले, तब भी अभिषेक ने अपनी मां के साथ सड़क पर मारपीट की। पड़ोसियों के हस्तक्षेप के बाद मामला कुछ समय के लिए शांत हुआ।

इसी दौरान आर्यन मौके पर पहुंचा और माता-पिता के साथ हो रही मारपीट का विरोध किया। इससे नाराज होकर अभिषेक ने पहले आर्यन की पिटाई की। पड़ोसियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कर दिया और आर्यन को पास के दूसरे मकान में भेज दिया।

सिलेंडर से हमला कर दी जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में अभिषेक छत के रास्ते दूसरे मकान तक पहुंच गया, जहां आर्यन मौजूद था। दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई। इसी दौरान अभिषेक ने पास में रखा 19 किलोग्राम का घरेलू एलपीजी सिलेंडर उठाकर आर्यन के सिर पर दे मारा। हमले में आर्यन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।

आरोप है कि वारदात के बाद अभिषेक घायल आर्यन को पैर पकड़कर घसीटते हुए सड़क तक ले आया और लोगों के सामने हत्या करने की बात कहता रहा। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।

ट्रामा सेंटर में हुई मौत

सूचना मिलने पर आर्यन के चाचा परमानंद मिश्रा और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले गए। डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण आर्यन की मौत हो गई।

अस्पताल से सूचना मिलने के बाद जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वारदात में इस्तेमाल गैस सिलेंडर भी बरामद कर लिया गया है।

आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

एडीसीपी उत्तरी Twinkle Jain ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular