लखनऊ छावनी क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर मॉडल छावनी के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है।
आज 30 अगस्त को दिलकुशा लॉन में 101 करोड़ रुपये की लागत वाली 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में भूमि पूजन होगा।
इन विकास परियोजनाओं का उद्देश्य छावनी क्षेत्र में स्वच्छता, पार्किंग, जलापूर्ति और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद लखनऊ छावनी क्षेत्र को आधुनिक और सुविधासंपन्न मॉडल कैंटोनमेंट के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
प्रमुख परियोजनाओं में 18.95 करोड़ रुपये की लागत से 4.25 लाख टन लीगेसी वेस्ट की बायो-माइनिंग और बायो-रीमेडिएशन का काम शामिल है। इसके अलावा 15.64 करोड़ रुपये से बहुमंजिला रोबोटिक कार पार्किंग और कमर्शियल कॉम्प्लेक्स तैयार किया जाएगा।
वहीं, छावनी क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 10.31 करोड़ रुपये की लागत से 26 किलोमीटर लंबी पुरानी पाइपलाइनों को बदला जाएगा। इसके साथ ही 9.99 करोड़ रुपये की लागत से 8 नए ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे।
इनके अलावा अन्य विकास कार्यों को मिलाकर कुल 101 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास रविवार को किया जाएगा। माना जा रहा है कि इन परियोजनाओं से लखनऊ छावनी क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और क्षेत्र को आधुनिक स्वरूप मिलेगा।
