रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। लोकआस्था का महापर्व छठ पूरे लखनऊ में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ छठ पूजा का मुख्य अनुष्ठान होगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ घाट पहुंचकर सूर्यदेव को अर्घ्य देंगे। इसके बाद यहां भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
लक्ष्मण मेला मैदान और कुड़िया घाट को छठ पूजा के लिए विशेष रूप से सजाया गया है। घाटों पर सफाई के साथ रंगोली और आकर्षक सजावट की गई है। घाटों को रोशनी से भी सजाया गया है, जिससे शाम के समय पूरा परिसर जगमगाता नजर आएगा।
110 स्थानों पर होगी छठ पूजा
अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि लखनऊ में करीब 110 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। प्रमुख घाटों पर पेंटिंग, साफ-सफाई और सुंदरीकरण का काम पूरा कर लिया गया है। गोमती नदी के घाटों पर भी सफाई कराई गई है।
जिला प्रशासन, नगर निगम और एलडीए की टीमें व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस, नागरिक पुलिस और जल पुलिस की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था के साथ गोमती नदी में स्टीमर, फॉगिंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की गई है।
मालिनी अवस्थी समेत 100 कलाकार देंगे प्रस्तुति
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अर्घ्य देने के बाद लक्ष्मण मेला मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। पद्मश्री मालिनी अवस्थी मुख्य कलाकार के तौर पर प्रस्तुति देंगी। उनके साथ 100 से अधिक कलाकार छठ और भोजपुरी संस्कृति से जुड़े कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी समाज और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय से हुई थी। शनिवार को व्रतियों ने खरना किया। रविवार को डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन होगा।
