HomeUncategorizedलखनऊ में 23 वर्षीय विवाहिता ने लगाई फांसी, 8 माह की बेटी...

लखनऊ में 23 वर्षीय विवाहिता ने लगाई फांसी, 8 माह की बेटी को छोड़ गई मां

लखनऊ। राजधानी के चिनहट थाना क्षेत्र स्थित कंचनपुर मटियारी में एक 23 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसका पति काम पर गया हुआ था। देर रात घर लौटने पर उसने पत्नी को कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका पाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान मोनिका मिश्रा (23) के रूप में हुई है। उनके पति आशुतोष तिवारी (24) एक निजी फूड डिलीवरी कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में कार्यरत हैं। आशुतोष ने पुलिस को बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे जब वह घर पहुंचे तो पत्नी कमरे में फंदे से लटकी मिलीं। उन्होंने तुरंत फंदे से उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि मोनिका और आशुतोष की शादी करीब पांच वर्ष पहले हुई थी। दंपती की आठ माह की एक बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दे दी है।

फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular