लखनऊ। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) की छात्रा से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में जांच तेज हो गई है। सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस ने जेल में बंद दोनों आरोपियों शिवम यादव और सनी यादव से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज किए हैं। करीब डेढ़ घंटे तक चली इस पूछताछ में घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर सवाल किए गए।
मामले के विवेचक एवं अतिरिक्त इंस्पेक्टर विनोद पांडेय ने जेल पहुंचकर दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आए तथ्यों को केस डायरी में शामिल किया गया है। पुलिस का कहना है कि जांच अंतिम चरण में है और आवश्यकता पड़ने पर दोनों आरोपियों की पुलिस कस्टडी रिमांड भी ली जा सकती है।
इंस्पेक्टर राजीव रंजन उपाध्याय के मुताबिक, आरोपियों के बयान दर्ज करने के लिए न्यायालय से अनुमति प्राप्त की गई थी। अब दर्ज बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विवेचना को आगे बढ़ाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि दोनों आरोपियों ने पिछले शनिवार को अदालत में आत्मसमर्पण किया था। उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मुख्य आरोपी शिवम यादव जौनपुर जिले के जलालपुर क्षेत्र के बहरीपुर गांव का निवासी है, जबकि सनी यादव उसका रिश्तेदार बताया गया है।
पुलिस के अनुसार, 15 मई को पीड़िता सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली जा रही थी। आरोप है कि चारबाग रेलवे स्टेशन पर शिवम और सनी ने उसे बहला-फुसलाकर ट्रेन से उतार लिया और सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र स्थित एक कमरे में ले जाकर तीन दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। फिलहाल पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही,है
