लखनऊ। राजधानी के गोमतीनगर स्थित फन रिपब्लिक मॉल में गर्मी के मौसम को खास बनाने के लिए मैंगो फेस्टिवल का आयोजन किया गया है। शुक्रवार से शुरू हुआ यह तीन दिवसीय फेस्टिवल 31 मई तक चलेगा, जिसमें लखनऊवासी देशभर से आए आमों की विभिन्न प्रजातियों का स्वाद और खरीदारी दोनों का आनंद ले सकेंगे।
मैंगो फेस्टिवल का उद्घाटन प्रसिद्ध शेफ नंदिनी मोतियानी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में आम प्रेमी और मॉल के ग्राहक मौजूद रहे। फेस्टिवल में करीब 30 प्रकार के आमों की विशेष वैरायटी प्रदर्शित की गई है।
फेस्टिवल में बंगनपल्ली, अल्फांजो, तोतापुरी, सिंधुरा, मल्लिका, राम केला, लंगड़ा, चौसा, थूरू, सफेदा, केसर और दशहरी समेत कई लोकप्रिय किस्मों के आम उपलब्ध हैं। ग्राहक इन आमों को देखने के साथ-साथ खरीद भी सकते हैं।
आयोजकों ने फेस्टिवल को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया है। 30 मई को किड्स फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जबकि 31 मई को वूमेन कोल्ड कुकिंग प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें प्रतिभागी आम से बने विभिन्न स्वादिष्ट और रचनात्मक व्यंजन तैयार करेंगे।
फन रिपब्लिक मॉल के जनरल मैनेजर विकल्प सक्सेना ने बताया कि गर्मी के इस मौसम में फलों का राजा आम लोगों को खास अनुभव देगा। उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों से विभिन्न प्रजातियों के आमों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है, ताकि ग्राहकों को विविधता और नए स्वादों का अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि मैंगो फेस्टिवल का उद्देश्य केवल आमों की बिक्री तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवारों और बच्चों के लिए मनोरंजन, प्रतियोगिताओं और स्वाद का एक यादगार मंच उपलब्ध कराना भी है।
