रिपोर्ट- प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में इन्फ्लुएंजा-ए (H1N1) संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को जिले में H1N1 के 7 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से 3 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि 4 मरीजों का इलाज होम आइसोलेशन में चल रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों में से एक मरीज स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है। नए मामलों के सामने आने के बाद जिले में कुल एक्टिव केस की संख्या 66 हो गई है।
मरीजों की गंभीरता के आधार पर होगी निगरानी
H1N1 के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों की जांच और उपचार को लेकर नई गाइडलाइन जारी की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.बी. सिंह ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय से प्राप्त निर्देशों के आधार पर अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
सीएमओ के अनुसार, मरीजों को उनके लक्षणों और बीमारी की गंभीरता के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में वर्गीकृत किया जाएगा। इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों की जल्द पहचान कर समय पर जांच और उपचार उपलब्ध कराना है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के साथ ही जरूरत के अनुसार अस्पताल में भर्ती और होम आइसोलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
