लखनऊ। जून की शुरुआत के साथ राजधानी लखनऊ में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। बुधवार सुबह 7 बजे शहर का तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाले छह दिनों में तापमान में लगातार वृद्धि होगी और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने हीटवेव और वार्म नाइट का अलर्ट जारी किया है।
सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर तक तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। आसमान साफ रहने से फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
ताजा आंकड़ों के मुताबिक शहर में हवा की रफ्तार महज 2 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद कम है। वहीं, 63 प्रतिशत आर्द्रता के कारण उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
पूर्वानुमान के अनुसार गुरुवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री, शुक्रवार और शनिवार को 39 डिग्री तथा रविवार तक 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी का मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग द्वारा जारी मानसून-2026 के दूसरे अपडेट के अनुसार इस वर्ष प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। जून के दौरान लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा सामान्य से कम और तापमान सामान्य से अधिक रह सकता है। इसके चलते लू के दिन सामान्य से 2 से 3 दिन अधिक रहने का अनुमान है।
विशेषज्ञों के अनुसार प्रशांत महासागर में विकसित हो रही एल-नीनो परिस्थितियां और हिंद महासागर की मौजूदा स्थिति मानसून को प्रभावित कर सकती हैं, जिससे पूरे मानसून सीजन में वर्षा कम रहने की आशंका है।
