राजधानी के विभूतिखंड थाना क्षेत्र स्थित किसान बाजार में संचालित फैशन टीवी कैफे पर पुलिस ने छापेमारी कर अवैध हुक्का बार का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया, जबकि कैफे का संचालक शारिब शेख फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि कैफे में उच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों की अनदेखी करते हुए अवैध रूप से हुक्का परोसा जा रहा है और कम उम्र के युवाओं को भी इसकी सुविधा दी जा रही है। सूचना के आधार पर उप-निरीक्षक राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कैफे पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 8 बड़े हुक्के, 6 छोटे हुक्के, 13 हुक्का पाइप, 14 चिलम, जलते कोयले, फ्लेवर युक्त तंबाकू सामग्री और 2 हीटर बरामद किए। बरामद सामान को पुलिस ने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राबिन (निवासी रायबरेली) और अर्जित पाण्डेय (निवासी अयोध्या) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे कैफे मालिक आरिफ और संचालक शारिब शेख के निर्देश पर हुक्का परोसने का काम करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ तंबाकू उत्पाद प्रतिषेध अधिनियम, 2003 की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार संचालक शारिब शेख की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
