Homeउत्तर प्रदेशभारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के चलते लखनऊ में बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन, शहीद पथ...

भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के चलते लखनऊ में बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन, शहीद पथ पर आज कई पाबंदियां

रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। इकाना स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर राजधानी की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। मैच को देखते हुए मंगलवार दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक शहीद पथ और आसपास के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। ऐसे में शहीद पथ से गुजरने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना होगा।

अयोध्या रोड से आने वाले वाहन यहां से जाएंगे

अयोध्या रोड की ओर से आने वाला सामान्य यातायात कमता तिराहे से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड और कानपुर रोड की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को कमता, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक, लालबत्ती, करियप्पा, तेलीबाग, बाराबिरवा या इंदिरानगर चौराहा होते हुए किसान पथ की ओर भेजा जाएगा।

कानपुर रोड से शहीद पथ पर भी डायवर्जनकानपुर रोड तिराहे से शहीद पथ होकर सुल्तानपुर, रायबरेली और अयोध्या रोड की ओर जाने वाले वाहनों का रूट भी बदला रहेगा। वाहन बाराबिरवा, बंगलाबाजार, तेलीबाग, करियप्पा, लालबत्ती, 1090 चौराहा या दरोगाखेड़ा होते हुए किसान पथ का इस्तेमाल कर सकेंगे।

भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक

मैच के दौरान सुल्तानपुर रोड से अहिमामऊ और अहिमामऊ से सुल्तानपुर रोड की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को कबीरपुर तिराहे से किसान पथ की ओर भेजा जाएगा।

वहीं, सुल्तानपुर रोड से आने वाला सामान्य यातायात अमूल तिराहे से अहिमामऊ की ओर नहीं जा सकेगा। ऐसे वाहनों को लुलु मॉल कटिंग से शहीद पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

बस, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए भी पाबंदी

शहीद पथ पर रोडवेज बसों और अन्य बसों के साथ व्यावसायिक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि निजी वाहन, किराये की टैक्सी और कारों को अनुमति रहेगी।

सिटी बसें चलेंगी, लेकिन हुसड़िया और सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर उनका ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा ई-रिक्शा को शहीद पथ और सर्विस रोड पर प्रतिबंधित किया गया है। ऑटो भी शहीद पथ पर संचालित नहीं होंगे।

अहिमामऊ के आसपास विशेष व्यवस्था

अहिमामऊ चौराहे के 500 मीटर के दायरे में किसी भी वाहन से सवारी उतारने या बैठाने पर रोक रहेगी। अहिमामऊ से प्लासियो की ओर जाने वाला यातायात भी बंद रहेगा।

इस रूट के वाहनों को एचसीएल तिराहा, संस्कृत तिराहा और ओवरहेड गोल चक्कर के रास्ते आगे भेजा जाएगा।

इमरजेंसी वाहनों को मिलेगी रास्ता

ट्रैफिक डायवर्जन के बावजूद स्कूली वाहनों, एंबुलेंस, शव वाहनों और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों को जरूरत के मुताबिक पुलिस की मदद से सुरक्षित निकाला जाएगा।

ऐसे में मैच के दौरान शहीद पथ और इकाना स्टेडियम के आसपास जाने वाले वाहन चालकों के लिए बेहतर होगा कि वे घर से निकलने से पहले अपना वैकल्पिक रूट तय कर लें और निर्धारित समय के दौरान शहीद पथ से बचें।

RELATED ARTICLES

Most Popular