उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में बुधवार को ‘लखनऊ इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल’ का भव्य शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित आयोजन का उद्घाटन वरिष्ठ अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी और फेस्टिवल के संस्थापक व आयोजक अयूब खान ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद भारतीय सिनेमा की महान गायिका आशा भोंसले को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिससे समारोह का माहौल भावुक हो उठा।
फेस्टिवल के पहले दिन ज्यूरी द्वारा चयनित 12 फिल्मों की विशेष स्क्रीनिंग देर रात तक चली। प्रमुख फिल्मों में ‘पाणी द वॉटर’, ‘निखान्या जोग’, ‘मिशन परफॉरमेंस’, ‘आरव’ और ‘लॉर्ड्स सिग्नल’ शामिल रहीं। इन फिल्मों को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली।
इस मौके पर फिल्म जगत के कई नामचीन कलाकार, निर्माता, निर्देशक और तकनीकी विशेषज्ञ मौजूद रहे। उन्होंने दर्शकों के साथ संवाद करते हुए सिनेमा की बारीकियों और बदलते ट्रेंड्स पर चर्चा की, जिससे आयोजन और भी ज्ञानवर्धक बन गया।
फेस्टिवल के संस्थापक अयूब खान ने बताया कि यह मंच विश्व सिनेमा और स्थानीय प्रतिभाओं को जोड़ने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को हर वर्ष आयोजित किया जाएगा, ताकि नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
