HomeUncategorizedLucknow में जलवा क्लब के बाहर मारपीट के बाद भाजपा युवा मोर्चा...

Lucknow में जलवा क्लब के बाहर मारपीट के बाद भाजपा युवा मोर्चा नेता शिवम सिंह की मौत, जांच जारी

अयोध्या के भाजपा युवा मोर्चा जिला कमेटी सदस्य शिवम सिंह की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई। मामला विभूतिखंड थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार देर रात जलवा क्लब के बाहर सिगरेट पीने को लेकर कुछ युवकों से विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर मारपीट और ईंट-पत्थर से हमला किए जाने की बात सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, शिवम सिंह अपने दोस्तों निलेश और जीशान के साथ लखनऊ आए थे और जलवा क्लब में पार्टी के बाद बाहर निकले थे। इसी दौरान गुमटी के पास बाइक सवार कुछ युवकों से सिगरेट को लेकर कहासुनी हो गई। पहले तो शिवम ने एक सिगरेट दे दी, लेकिन दोबारा मांगने पर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष वहां से चले गए।

इसके बाद आरोप है कि कुछ देर बाद वही युवक दोबारा पहुंचे और कठौता झील के पास शिवम और उनके साथियों पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया। हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां बेड न मिलने पर गोमतीनगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मृतक के मोबाइल से उनके भाई सौरभ सिंह को दी गई, जिसके बाद परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। सौरभ सिंह की तहरीर पर विभूतिखंड थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है और एक संदिग्ध को चिन्हित कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular