Homeउत्तर प्रदेशLucknow Crime: ज्वेलर्स को गोली मारकर स्कूटी और गहनों से भरा बैग...

Lucknow Crime: ज्वेलर्स को गोली मारकर स्कूटी और गहनों से भरा बैग लूटा, CCTV में कैद हुए बदमाश

लखनऊ के गोसाईंगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार रात बदमाशों ने एक ज्वेलर्स को गोली मारकर उनकी स्कूटी और गहनों-नकदी से भरा बैग लूट लिया। वारदात अमेठी कस्बे में रात करीब 8:30 बजे हुई। घायल ज्वेलर्स को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

पीड़ित की पहचान सचिन सोनी के रूप में हुई है, जो अमेठी के पटवन टोला के निवासी हैं। उनकी मुंशीगंज रामबाग रोड पर ज्वेलरी की दुकान है। रोज की तरह दुकान बंद कर वह घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुकान से करीब 300 मीटर दूर भवानी मंदिर के पास तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

बदमाशों ने सचिन की स्कूटी और गहनों से भरा बैग लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उनके पैर में गोली मार दी और स्कूटी लेकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल ज्वेलर्स को अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में बदमाश स्कूटी लेकर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं।

डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपियों ने पहले से रेकी कर वारदात को अंजाम दिया, क्योंकि घटना जिस स्थान पर हुई वहां अंधेरा रहता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular