Homeउत्तर प्रदेशकाकोरी पशु चिकित्सालय में मुफ्त दवाओं की बिक्री का आरोप

काकोरी पशु चिकित्सालय में मुफ्त दवाओं की बिक्री का आरोप

लखनऊ। राजधानी के काकोरी स्थित राजकीय पशु चिकित्सालय में मुफ्त सरकारी दवाओं के बदले पैसे वसूलने का मामला सामने आया है। दो पशुपालकों ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट पर सरकारी दवाएं बेचने और इलाज के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं ने अपने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो भी जिलाधिकारी को सौंपा है। उनका कहना है कि पूरे घटनाक्रम का वीडियो पेनड्राइव में साक्ष्य के रूप में उपलब्ध कराया गया है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र के किसानों और पशुपालकों में नाराजगी है।

राजबहादुर और मो. इमरान उर्फ चांद ने बताया कि 9 जून को वे अपनी बीमार बकरी का इलाज कराने काकोरी के राजकीय पशु चिकित्सालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि अस्पताल में तैनात फार्मासिस्ट ललित कुमार ने बकरी को दो इंजेक्शन लगाए और “गवर्नमेंट सप्लाई” अंकित एक सीरप दिया। इसके बावजूद उनसे इलाज और दवा के नाम पर 160 रुपये वसूल लिए गए।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि वे आर्थिक रूप से कमजोर हैं और बकरी पालन से ही अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका आरोप है कि अस्पताल में सरकारी दवाओं के नाम पर किसानों और पशुपालकों से पैसे लेने का सिलसिला लंबे समय से जारी है और कई अन्य लोग भी इसका शिकार हो चुके हैं।

दोनों पशुपालकों ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित फार्मासिस्ट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी अस्पतालों में भी मुफ्त दवाओं के लिए पैसे वसूले जाएंगे, तो गरीब पशुपालकों तक सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular