Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की हालत पर अजय राय ने राज्यपाल को लिखा पत्र

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की हालत पर अजय राय ने राज्यपाल को लिखा पत्र

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की खराब हालत को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखा है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप करते हुए जनहित में इसे तत्काल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संज्ञान में लाने की मांग की है।

अजय राय ने अपने पत्र में दावा किया कि करीब 4,200 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे उद्घाटन के महज छह दिन बाद ही कई जगहों पर धंसने लगा। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे पर बड़े-बड़े गड्ढे बनने के साथ ही निर्माण की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने पत्र में जल निकासी की खराब व्यवस्था, पुलों के हिस्सों और क्रैश बैरियर में दरारें आने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मरम्मत के बाद भी एक्सप्रेसवे के दोबारा खराब होने की खबरें सामने आ रही हैं।

अजय राय ने निर्माण करने वाली ठेकेदार कंपनी को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी भाजपा के एक राज्यसभा सांसद के भाई से जुड़ी है और इसी वजह से उसे बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने राज्यपाल से मांग की है कि वह प्रधानमंत्री से इस पूरे मामले की स्वतंत्र तकनीकी जांच और निर्माण गुणवत्ता की जांच कराने का आग्रह करें। साथ ही निर्माण में लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय किए जाने की भी मांग की गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular