रिपोर्ट: प्रिया बाजपेई शुक्ला
राजधानी लखनऊ में अधिवक्ता सुरक्षा अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को वकीलों का प्रदर्शन उग्र हो गया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता हजरतगंज चौराहे पर जुटे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर कूच कर गए। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने रास्ते में लगाई गई पुलिस बैरिकेडिंग, लोहे की जाली और बल्ली तोड़ दी। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग हटाते हुए अधिवक्ता विधानसभा तक पहुंच गए।
प्रदर्शन की शुरुआत हजरतगंज चौराहे से हुई। इसके बाद वकील कैसरबाग, परिवर्तन चौक और हजरतगंज होते हुए जीपीओ स्थित गांधी प्रतिमा तक पहुंचे। यहां से आगे बढ़ते हुए उन्होंने विधानसभा की ओर मार्च किया। पुलिस की ओर से लगाए गए बैरियर को हटाकर प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे।
पुलिस और वकीलों के बीच धक्कामुक्की
विधानसभा की ओर बढ़ रहे अधिवक्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी। हालांकि, प्रदर्शनकारी बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ गए। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस अधिकारी लगातार अधिवक्ताओं को समझाने और वापस लौटने की अपील करते रहे, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए।
प्रदर्शन को देखते हुए हजरतगंज और विधानसभा मार्ग पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई थानों की पुलिस के साथ अतिरिक्त बल भी लगाया गया।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
प्रदर्शनकारी अधिवक्ता आशुतोष ने कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून की रक्षा करने वाले अधिवक्ताओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सरकार की है। सरकार को तत्काल अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि साढ़े नौ साल में कोई संगठन विधानसभा या लोकभवन तक कूच नहीं कर पाया, लेकिन अधिवक्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर विधानसभा तक मार्च किया है।
वकीलों का कहना है कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए जल्द से जल्द कानून बनाया जाए, ताकि उनके साथ होने वाली घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। प्रदर्शन के चलते विधानसभा मार्ग पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
