रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। राजधानी में आवासीय सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ी पहल शुरू हुई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की करीब 12 हजार करोड़ रुपये की दो प्रमुख आवासीय योजनाओं का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को शुभारंभ किया। इन योजनाओं के तहत 10,680 एकड़ क्षेत्रफल में नैमिष नगर और वरुण विहार को विकसित किया जाएगा। दोनों परियोजनाओं से करीब 10 लाख लोगों को आवासीय सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।
2,166 करोड़ की पांच बहुमंजिला योजनाओं का शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 2,166 करोड़ रुपये की पांच बहुमंजिला आवासीय योजनाओं का भी शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं के तहत करीब 2,000 लोगों को फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। इन योजनाओं के शुरू होने से राजधानी में आवास की बढ़ती जरूरत को पूरा करने के साथ नए आवासीय क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है।
वरुण विहार में 6 लाख से अधिक लोगों के लिए सुविधा
आगरा एक्सप्रेसवे के पास दोना गांव में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरुण विहार योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वरुण विहार को 6,500 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में विकसित किया जाएगा। योजना के तहत यहां 6 लाख से अधिक लोगों के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
राजधानी के विस्तार के साथ इन योजनाओं के जरिए आवास, बुनियादी सुविधाओं और नए शहरी क्षेत्रों के विकास को गति देने की तैयारी है।
