महिलाओं की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा को बढ़ावा देने के लिए यूपी मेट्रो ने राजधानी लखनऊ में ‘माय दीदी’ ईवी बाइक फीडर सेवा की शुरुआत कर दी है। शुक्रवार को लखनऊ मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन से इस विशेष सेवा का शुभारंभ किया।
इस सेवा के तहत महिलाएं मात्र 15 रुपये में मेट्रो स्टेशन से पांच किलोमीटर तक का सफर महिला राइडर के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर कर सकेंगी। शुरुआती चरण में यह सुविधा विश्वविद्यालय, आईटी, भूतनाथ और कृष्णा नगर मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध कराई गई है। आने वाले समय में इसे अन्य मेट्रो स्टेशनों तक भी विस्तारित किया जाएगा।
यूपी मेट्रो के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने बताया कि यह पहल महिलाओं की सुरक्षा और अंतिम छोर (लास्ट माइल कनेक्टिविटी) की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। इससे महिलाएं मेट्रो स्टेशन से अपने घर, दफ्तर या अन्य गंतव्यों तक कम समय और कम खर्च में पहुंच सकेंगी।
सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक स्कूटी में पैनिक बटन की सुविधा दी गई है। किसी भी आपात स्थिति में महिला यात्री या राइडर बटन दबाकर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। इसके अलावा सभी राइड्स की जीपीएस के जरिए निगरानी की जाएगी, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
‘माय दीदी’ की सीईओ खुशी जैन ने बताया कि जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम से वाहन को रिमोटली लॉक करने की सुविधा भी उपलब्ध है। इससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
यात्री इस सेवा की बुकिंग मोबाइल एप, क्यूआर कोड स्कैन करके या व्हाट्सएप नंबर 9217020441 के माध्यम से कर सकते हैं। यूपी मेट्रो को उम्मीद है कि यह सेवा महिलाओं के लिए सुरक्षित, किफायती और भरोसेमंद परिवहन विकल्प साबित होगी।
