रिपोर्ट- प्रिया बाजपेई शुक्ला
लखनऊ। नाका थाने में तैनात एक दरोगा पर शराब के नशे में युवक से मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। युवक का आरोप है कि दरोगा ने ईंट मारकर उसकी कार का शीशा भी तोड़ दिया और 15 हजार रुपये छीन लिए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है। मामले की जांच एसीपी चौक को सौंपी गई है।
मामला दुबग्गा के बरावन कला निवासी राहुल गीतम से जुड़ा है। राहुल टिफिन सर्विस चलाते हैं। उनके मुताबिक, नाका थाने में तैनात दरोगा गोपेश शर्मा से उनकी पहले से जान-पहचान थी। राहुल का आरोप है कि रविवार सुबह दरोगा कथित तौर पर नशे की हालत में उनके घर पहुंचे और उन्हें अपने साथ चलने को कहा।
राहुल के अनुसार, कार में बैठने के बाद दरोगा ने उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान राहुल ने घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो में दरोगा युवक से बहस करते और उसे थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।
कार का शीशा तोड़ने और रुपये छीनने का आरोप
राहुल का आरोप है कि रास्ते में जब वह लघुशंका के लिए कार से नीचे उतरे तो दरोगा ने ईंट से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। उन्होंने दरोगा पर 15 हजार रुपये छीनने का भी आरोप लगाया है।
इसके बाद राहुल दरोगा को लेकर दुबग्गा थाने पहुंचे और मामले की शिकायत की। दुबग्गा इंस्पेक्टर श्रीकांत राय के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। पश्चिमी डीसीपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर उपनिरीक्षक गोपेश शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मामले की जांच एसीपी चौक को सौंपी गई है। पुलिस के मुताबिक, जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
