लखनऊ। राजधानी लखनऊ के नाका क्षेत्र में गुरुवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। राजेंद्र नगर चौराहे के पास स्थित विजन अपार्टमेंट में 17 वर्षीय किशोर ने कथित तौर पर अपनी 42 वर्षीय मां पर रिंच से हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद महिला की मौत हो गई। घटना के बाद किशोर ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर नाका पुलिस मौके पर पहुंची तो किशोर महिला के शव के पास बैठा मिला। पुलिस ने उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं।
चार महीने से अलग रह रहा था किशोर
पुलिस की शुरुआती जांच और परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, किशोर अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। वह पिछले करीब चार महीने से राजेंद्र नगर में किराए के कमरे में रह रहा था। उसके रहने और अन्य खर्चों के लिए पिता की ओर से आर्थिक मदद दी जाती थी।
बताया गया कि गुरुवार को किशोर ने अपने पिता को फोन कर मां से मिलने की बात कही थी। इसके बाद वह घर पहुंचा। उस समय पिता अपनी चारबाग स्थित कपड़े की दुकान पर थे।
घर पहुंचने के कुछ देर बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, घर पहुंचने के करीब एक घंटे बाद किशोर और उसकी मां के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान किशोर ने कथित तौर पर रिंच से मां के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
वारदात के बाद किशोर ने पुलिस को फोन किया और घटना की जानकारी दी। पुलिस टीम के पहुंचने तक वह घटनास्थल पर ही मौजूद था।
खुद पुलिस को फोन कर बताई घटना
नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी के मुताबिक, रात करीब नौ बजे पुलिस को किशोर ने फोन कर घटना की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम विजन अपार्टमेंट पहुंची।
पुलिस ने मौके की जांच के बाद घटनास्थल से रिंच समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जुटाए। फील्ड यूनिट ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं। महिला के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पिता ने लंबे समय से इलाज की बात कही
किशोर के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा इंटरमीडिएट का छात्र है। पिता के अनुसार, करीब पांच-छह साल से उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी इलाज चल रहा था और अलग-अलग अस्पतालों में उसका उपचार कराया गया था।
पुलिस इस पहलू से जुड़ी जानकारी और मेडिकल रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है और पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह सामने आएगी।
किशोर के पहनावे को लेकर परिवार में था मतभेद
परिवार की ओर से यह भी बताया गया कि किशोर अपने पहनावे और जेंडर अभिव्यक्ति को लेकर अलग तरह से रहना पसंद करता था। पिता ने उसके जेंडर चेंज कराने की बात भी कही है। पुलिस इस संबंध में परिवार से मिली जानकारी की पुष्टि और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, किशोर के पहनावे और रहन-सहन को लेकर परिवार की ओर से विरोध किए जाने की बात सामने आई है। इसी वजह से वह पिछले कुछ महीनों से परिवार के मुख्य घर से अलग किराए के कमरे में रह रहा था। हालांकि, उसके रहने-खाने और अन्य खर्चों की जिम्मेदारी परिवार ही उठा रहा था।
पारिवारिक विवाद समेत कई पहलुओं की जांच
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह को लेकर कई पहलुओं पर जांच कर रही है। मां-बेटे के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ, घटना से पहले दोनों के बीच क्या बातचीत हुई और किशोर की मानसिक एवं पारिवारिक स्थिति क्या थी, इन सभी बिंदुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस का कहना है कि किसी एक कारण को घटना की वजह मानने से पहले सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
