Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ के पंचमुखी हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी, चांदी के मुकुट और...

लखनऊ के पंचमुखी हनुमान मंदिर में बड़ी चोरी, चांदी के मुकुट और छत्र लेकर फरार हुए चोर

राजधानी लखनऊ के महानगर क्षेत्र स्थित बीरबल साहनी मार्ग पर बने श्री संकट हरण पंचमुखी हनुमान मंदिर में रविवार रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई। चोर मंदिर के मुख्य चैनल पर लगे चारों ताले काटकर अंदर घुसे और विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं से चांदी के मुकुट व छत्र चोरी कर फरार हो गए। पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा से पांचों चांदी के मुकुट और छत्र भी चुरा लिए गए।

करीब 35 लाख रुपये का सामान चोरी होने का दावा

मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित के अनुसार, चोरी की इस घटना में करीब 35 से 36 लाख रुपये मूल्य के चांदी के मुकुट और छत्र चोरी हुए हैं। घटना रविवार देर रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। सोमवार सुबह मंदिर खोलने पहुंचे पुजारी ने ताले टूटे देखे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

सबसे पहले गणेश जी की प्रतिमा पर दिखी चोरी

पुजारी ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे जब वह मंदिर पहुंचे तो बाहर के ताले टूटे मिले और शटर भी थोड़ा उठा हुआ था। अंदर जाने पर सबसे पहले गणेश जी की प्रतिमा से चांदी का मुकुट और छत्र गायब मिला। इसके बाद राम, लक्ष्मण और माता सीता की प्रतिमाओं से भी चांदी के मुकुट और छत्र चोरी मिले।

पंचमुखी हनुमान के पांचों मुकुट और छत्र भी ले गए चोर

जब पंचमुखी हनुमान जी का पर्दा हटाकर देखा गया तो उनकी प्रतिमा पर लगे पांचों चांदी के मुकुट और छत्र भी गायब थे। इसके बाद मंदिर प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सीसीटीवी और डीवीआर भी साथ ले गए आरोपी

चोर वारदात के दौरान मंदिर में लगा सीसीटीवी सिस्टम और डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे जांच में चुनौती बढ़ गई है। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

संस्थापक के बेटे ने दर्ज कराई शिकायत

मंदिर के संस्थापक आर.पी. शर्मा हैं। उनके बेटे पवन कुमार शर्मा ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular