राजधानी के नए पुलिस आयुक्त तरुण गाबा ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि शासन और डीजीपी मुख्यालय की मंशा के अनुरूप लखनऊ में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस जनता के विश्वास को और मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर अपराधों पर प्रभावी और त्वरित नियंत्रण स्थापित करेगी। उनका लक्ष्य लखनऊ को सुरक्षित, भरोसेमंद और बेहतर कानून-व्यवस्था वाला शहर बनाना है।
महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
पुलिस आयुक्त ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा तथा महिलाओं से जुड़ी हर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। महिला अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से काम करेगी।
साइबर ठगी पर होगी सख्ती
तरुण गाबा ने कहा कि ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। साथ ही साइबर क्राइम से निपटने के लिए पुलिस की तकनीकी क्षमता को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में पीड़ितों का पैसा जल्द फ्रीज कराकर वापस दिलाने की प्रक्रिया को अधिक तेज और प्रभावी बनाया जाएगा।
अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। ऐसे मामलों में कानून के दायरे में रहकर त्वरित और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, जनता की सुरक्षा और पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
