लखनऊ में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि सपा मुखिया ने कभी भी अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण और उससे जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रमों का सम्मान नहीं किया।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब सर्वोच्च न्यायालय ने राम मंदिर के पक्ष में फैसला सुनाया, तब भी अखिलेश यादव ने उसका स्वागत नहीं किया। भूमि पूजन से लेकर प्रभु श्रीराम के विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा तक, सपा प्रमुख की ओर से कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
उप मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव श्रीराम मंदिर को लेकर अफवाह फैलाकर झूठा नैरेटिव गढ़ने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख माता शबरी, भगवान जटायू और महर्षि वाल्मीकि जैसे सनातन परंपरा के महत्वपूर्ण पात्रों और आदर्शों की चर्चा भी नहीं करते।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत दुनिया में सनातन संस्कृति का वाहक राष्ट्र है और राजनीतिक लाभ के लिए इसकी उपेक्षा करना उचित नहीं है। उन्होंने सपा मुखिया को अपनी सोच सनातन संस्कृति के विरुद्ध न ले जाने की नसीहत दी।
डिप्टी सीएम ने दावा किया कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की कार्यशैली और राजनीति को भलीभांति समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सपा को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा और वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा।
पाठक ने कहा कि अखिलेश यादव के झूठ पर आधारित राजनीतिक नैरेटिव को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी और सत्य की जीत होगी।
