Homeउत्तर प्रदेश20 घंटे बिजली गुल रहने पर फूटा लोगों का गुस्सा, दुबग्गा उपकेंद्र...

20 घंटे बिजली गुल रहने पर फूटा लोगों का गुस्सा, दुबग्गा उपकेंद्र पर किया प्रदर्शन

लखनऊ के दुबग्गा उपकेंद्र के जेहटा फीडर क्षेत्र में 20 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार रात करीब साढ़े आठ बजे बड़ी संख्या में उपभोक्ता दुबग्गा उपकेंद्र पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। लोगों का आरोप था कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों ने समय पर समस्या का समाधान नहीं कराया।

स्थानीय लोगों के अनुसार बृहस्पतिवार देर रात एक डंपर ने बिजली के खंभे में टक्कर मार दी थी। हादसे में दो पोल और उन पर रखा ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गया, जिससे लक्ष्मी अस्पताल के पास स्थित कॉलोनी की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। उपभोक्ताओं का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।

भीषण गर्मी और उमस के बीच 20 घंटे तक बिजली न आने से परेशान लोग उपकेंद्र पहुंचे, लेकिन वहां मौजूद अधिकारियों से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि संबंधित जेई उपकेंद्र से जा चुके थे और उनका फोन भी नहीं उठ रहा था। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराना पड़ा।

हालांकि, उपभोक्ताओं के दावों से अलग बिजली विभाग ने तकनीकी खराबी को आपूर्ति बाधित होने का कारण बताया है। दुबग्गा उपकेंद्र के अवर अभियंता ऋषि गोस्वामी के मुताबिक कॉलोनी में लगे 63 केवीए ट्रांसफार्मर में खराबी आने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी, जिसे ठीक कराने का काम जारी था।

अमीनाबाद में बंदरों की वजह से बिजली संकट

शुक्रवार को अमीनाबाद उपकेंद्र के नजीराबाद क्षेत्र में भी बिजली संकट देखने को मिला। बंदरों की उछल-कूद के चलते शाम करीब साढ़े सात बजे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जो दो घंटे तक बहाल नहीं हो सकी। इससे नाराज व्यापारियों ने निर्धारित समय से पहले ही अपनी दुकानें बंद कर दीं।

व्यापारी नेता सुरेश छबलानी ने बताया कि रात साढ़े नौ बजे तक बिजली नहीं आने से कारोबार प्रभावित हुआ। वहीं, अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सक्सेना ने कहा कि उन्हें इस फॉल्ट की जानकारी उपकेंद्र स्तर से नहीं दी गई थी।

नूरबाड़ी में 500 परिवार रहे परेशान

नूरबाड़ी उपकेंद्र क्षेत्र में भी केबल जलने के कारण करीब 500 परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं के अनुसार बृहस्पतिवार रात करीब डेढ़ बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई और सुबह चार बजे के आसपास बहाल हो सकी। हालांकि विभाग का दावा है कि आपूर्ति केवल कुछ मिनटों के लिए प्रभावित हुई थी।

कई इलाकों में फॉल्ट से प्रभावित रही सप्लाई

शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। जीपीआरए उपकेंद्र के मिश्रपुर फीडर में ब्रेकडाउन के कारण करीब एक घंटे तक बिजली बाधित रही। जानकीपुरम के गार्डन फीडर क्षेत्र में एबीसी लाइन में फॉल्ट आने से सप्लाई प्रभावित हुई। वहीं शिवपुरी कॉलोनी में 11 केवी लाइन का तार टूटने और अल्कापुरी क्षेत्र में ट्रांसफार्मर के रखरखाव कार्य के चलते भी लोगों को बिजली संकट झेलना पड़ा।

लगातार बढ़ रही बिजली कटौती और तकनीकी खामियों के चलते शहर के कई इलाकों में उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। लोग विभाग से स्थायी समाधान और समय पर सूचना व्यवस्था की मांग कर रहे हैं

RELATED ARTICLES

Most Popular