इटावा के मौलाना जरजिस के कथित बयानों के विरोध में शुक्रवार को लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर भारतीय गौ सेवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने भगवान शिव और भगवान कृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए मौलाना के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और सख्त कार्रवाई की मांग की।
दोपहर करीब 12:30 बजे भगवा झंडों के साथ पहुंचे कार्यकर्ताओं ने “मौलाना जरजिस मुर्दाबाद” और “मौलाना को जेल भेजो” के नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान करीब 15 मिनट तक विरोध जताया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मौलाना का पुतला जूतों से पीटा और बाद में उसे आग के हवाले कर दिया।
भारतीय गौ सेवा संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने आरोप लगाया कि मौलाना जरजिस लगातार सनातन धर्म और हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव को लेकर की गई कथित टिप्पणी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मौलाना को इटावा से लखनऊ लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने बताया कि इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराने की मांग भी की गई है।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने मौलाना को राजनीतिक संरक्षण मिलने का आरोप भी लगाया। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हुआ। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो पूरे प्रदेश में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौलाना ने भगवान शिव और भगवान कृष्ण को लेकर विवादित टिप्पणी की है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। फिलहाल मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
