लखनऊ। हरदोई-कानपुर रिंग रोड पर शुक्रवार देर रात रोडवेज की AC बस फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। उत्कर्ष लॉन के सामने हुए हादसे के बाद बस में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही देर में वह धू-धूकर जलने लगी। राहत की बात रही कि बस के अंदर ककोई यात्री या अन्य व्यक्ति नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद फायरकर्मियों ने आग पर काबू पाया।
पांच दमकल गाड़ियों ने बुझाई आग
फायर विभाग के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे चौक फायर स्टेशन को भापतामऊ के पास रोडवेज बस में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही चौक फायर स्टेशन से तीन और आलमबाग फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां घटनास्थल के लिए रवाना की गईं।
मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि रोडवेज की AC बस UP 25 FT 9230 फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराई हुई थी और उसमें भीषण आग लगी थी। दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।
चालक-परिचालक और यात्रियों की नहीं मिली जानकारी
आग बुझाने के बाद फायरकर्मियों ने बस के अंदर और आसपास तलाशी ली। इस दौरान कोई व्यक्ति फंसा हुआ नहीं मिला। टीम ने बस के चालक, परिचालक और यात्रियों के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर कोई मौजूद नहीं था।
इसके चलते फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि बस कहां से कहां जा रही थी और हादसे के वक्त उसमें कितने यात्री सवार थे।
डिवाइडर से टकराने के बाद आग लगने की आशंका
शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि फ्लाईओवर के डिवाइडर से टकराने के बाद बस में आग लगी। हादसे के कारणों और बस के चालक-परिचालक से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
