HomeUncategorizedलखनऊ में रोडवेज संविदाकर्मियों का हंगामा, मांगों को लेकर आत्मदाह का प्रयास

लखनऊ में रोडवेज संविदाकर्मियों का हंगामा, मांगों को लेकर आत्मदाह का प्रयास

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में सोमवार को रोडवेज के चार संविदाकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर आत्मदाह का प्रयास किया। चारों कर्मचारी पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर पहुंचे और खुद पर पेट्रोल डालने लगे। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें रोक लिया और हिरासत में ले लिया।

गौतमपल्ली थाना प्रभारी विपिन सिंह के अनुसार आत्मदाह का प्रयास करने वालों में औरैया निवासी मुकेश सैनी, उन्नाव निवासी ज्ञानेंद्र रावत, कानपुर निवासी नितिन श्रीवास्तव और गोंडा निवासी अभिषेक सिंह शामिल हैं। सभी सिटी बस सेवा में चालक के रूप में कार्यरत बताए जा रहे हैं।

संविदाकर्मियों का आरोप है कि उनकी समस्याओं और मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि चालक-परिचालकों का एक निजी कंपनी एसएस इंटरप्राइजेज में विलय किया जा रहा है, जिसका वे लंबे समय से विरोध कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि दुबग्गा डिपो पर संविदा चालक और परिचालक पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल किए जाने से उनके हित प्रभावित होंगे। इसी मुद्दे को लेकर चारों कर्मी सोमवार को विरोध जताने पहुंचे थे।

पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular