Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, पुलिस की सतर्कता से...

लखनऊ में युवक ने आत्मदाह की कोशिश की, पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

राजधानी लखनऊ में मंगलवार दोपहर  एक युवक ने आत्मदाह का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

घटना वेटिंग हॉल के बाहर की है, जहां युवक ने कथित तौर पर अपने ऊपर डीजल डाल लिया था। उसके साथ मौजूद एक महिला और पुरुष उसे लाइटर देने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात गौतमपल्ली थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक के हाथ से डीजल से भरी बोतल और लाइटर छीन लिया।

बंदरियाबाग चौकी प्रभारी अजब नारायण मिश्र अपने हमराह सिपाहियों गोविंदा और सुरेश चंद्र के साथ ड्यूटी पर थे। उन्होंने युवक को संदिग्ध गतिविधि करते देखा और बिना देर किए हस्तक्षेप कर संभावित हादसे को टाल दिया।

पूछताछ में युवक की पहचान सुमित सिंह उर्फ सुमित महाराज (27), निवासी कन्नौज के रूप में हुई। उसके साथ मौजूद लोगों की पहचान संतोष कुमार सविता (53) और उनकी पत्नी शीला देवी के रूप में हुई।

पुलिस पूछताछ में तीनों ने बताया कि गांव में अंकित, शिवम और माया देवी के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई नहीं की गई। इसी से नाराज होकर सुमित ट्रैक्टर से डीजल निकालकर बोतल में भरकर लाया था और आत्मदाह का प्रयास कर अधिकारियों पर दबाव बनाने की योजना बनाई थी।

फिलहाल पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular