Homeउत्तर प्रदेशशिवम सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी आरोपी अरबाज...

शिवम सिंह हत्याकांड में बड़ी सफलता, 25 हजार का इनामी आरोपी अरबाज गिरफ्तार

लखनऊ। राजधानी के चर्चित शिवम सिंह हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी अरबाज को चिनहट कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 25 और 26 मई की रात गोमतीनगर के विनम्रखंड स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल के पास शिवम सिंह पर जानलेवा हमला किया गया था। बताया गया कि सिगरेट पीने को लेकर हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने शिवम को घेर लिया और उस पर पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गए थे।

गंभीर रूप से घायल शिवम को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई सौरभ सिंह, निवासी रामनगर धौरहरा, अयोध्या की तहरीर पर 27 मई को विभूतिखंड थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले की जांच के लिए विभूतिखंड पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान अंकित रावत, हनी तिवारी और विवेक सिंह के नाम सामने आए थे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं घटना में शामिल अरबाज लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के कारण पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।

रविवार को इंस्पेक्टर दिनेश चंद मिश्रा के नेतृत्व में चिनहट पुलिस ने आरोपी अरबाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular